Breaking
Sat. Mar 7th, 2026

विकासनगर विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अंकिता भंडारी प्रकरण को लेकर प्रदेश सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।

देहरादून। विकासनगर विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अंकिता भंडारी प्रकरण को लेकर प्रदेश सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया पूर्व कैबिनेट मंत्री नव प्रभात के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हरबर्टपुर बस अड्डे से हरबर्टपुर चौराहे तक पदयात्रा निकाली और सरकार का पुतला दहन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने और मामले की सीबीआई जांच की मांग को लेकर नारेबाजी की।

पदयात्रा के समापन पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए पूर्व कैबिनेट मंत्री नव प्रभात ने कहा कि अंकिता भंडारी पूरे उत्तराखंड की बेटी थी और उसके हत्यारों को किसी भी कीमत पर फांसी की सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि न्याय दिलाने के लिए कांग्रेस को चाहे जितना बड़ा आंदोलन क्यों न करना पड़े, पार्टी पीछे हटने वाली नहीं है।

नव प्रभात ने प्रदेश सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार अपने बचाव में विपक्ष को बदनाम करने के लिए तरह-तरह के हथकंडे अपना रही है, लेकिन इससे सच्चाई को छिपाया नहीं जा सकता। उन्होंने सवाल उठाया कि जब पूरा प्रदेश सीबीआई जांच की मांग कर रहा है तो सरकार इससे क्यों बच रही है, जबकि सच्चाई सामने लाने का यही एकमात्र रास्ता है।

उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में शामिल कथित वीआईपी का नाम सार्वजनिक करने और दोषियों को सख्त सजा दिलाने के लिए तत्काल सीबीआई जांच की घोषणा की जाए। नव प्रभात ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार नहीं झुकी तो कांग्रेस के साथ-साथ उत्तराखंड की जनता भी चुप नहीं बैठेगी, चाहे सरकार कितनी भी दमनकारी नीतियां क्यों न अपनाए।

इस मौके पर पूर्व कैबिनेट मंत्री नव प्रभात के साथ शशि चौहान, संजय किशोर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *