Breaking
Wed. Oct 21st, 2026

डेंगू की रोकथाम को लेकर जागरूकता शिविर का आयोजन

हल्द्वानी: इंदिरा प्रियदर्शिनी राजकीय स्नातकोत्तर महिला वाणिज्य महाविद्यालय हल्द्वानी में महाविद्यालय की एनएसएस इकाईयों एवं सुशीला तिवाड़ी राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी ने संयुक्त रूप से डेंगू की रोकथाम को लेकर जागरूकता शिविर का आयोजन किया ।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. शशि पुरोहित ने कहा कि आज डेंगू एक महामारी का रूप ले चुकी है और हल्द्वानी शहर ही नहीं संपूर्ण सूबे को अपनी गिरफ्त में निरंतर लेते जा रही है इसलिए इस तरह के शिविर का आयोजन करना महत्त्वपूर्ण हो जाता है।

कार्यक्रम संयोजक एवं एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ रितुराज पंत ने कहा कि इस शिविर का मुख्य उद्देश्य हल्द्वानी शहर में बढ़ते डेंगू के प्रकोप को रोकना एवं इसके बचाव के उपायों पर चर्चा करना है।

मुख्य वक्ता राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी के डॉ. दीपक जोशी ने कहा कि डेंगू एक विषाणु से होने वाली बीमारी है जो एडीज एजिप्‍टी नामक संक्रमित मादा मच्‍छर के काटने से फैलती है। इससे बचने के लिए हमको अपने आसपास गमलों में रखी प्लेट में, रुके हुए पानी, टायरों में एकत्रित पानी की समय-समय पर साफ सफाई करते रहनी चाहिए।

बाल विक्रम बोरा ने डेंगू मच्छर की संरचनात्मकता के बारे में बताते हुए मच्छर के लक्षण एवं उसके जीवन चक्र के बारे में विस्तार से जानकारी दीI बताया कि कैसे हम इसको नष्ट कर सकते हैं।

कार्यक्रम अधिकारी डॉ. ललिता जोशी ने कहा कि अचानक तेज बुखार, सिर में आगे की ओर तेज दर्द, आंखों के पीछे दर्द, आंखों के हिलने से दर्द में और मांसपेशियों (बदन) व जोडों में दर्द आदि इसके मुख्य लक्षण हैं।

इसके पश्चात मेडिकल कॉलेज से आई टीम ने संपूर्ण महाविद्यालय परिसर का भ्रमण किया एवं पाया कि महाविद्यालय में कहीं भी रुका हुआ पानी नहीं है और महाविद्यालय परिसर पूर्ण रुप से डेंगू फ्री जोन है। कार्यक्रम का संचालन लेफ्टिनेंट डॉ0 रेखा जोशी ने किया। इस अवसर पर डॉ.गीता पंत, यशोधर नाथ, नारायण सिंह आदि उपस्थित रहे।

Related Post