Breaking
Tue. Apr 22nd, 2025

सेवा, सुशासन और विकास के 03 वर्ष थीम पर जिला मुख्यालय में आयोजित हुआ मुख्य कार्यक्रम

उत्तराखंड में अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक पहुंच रहा विकास- भट्ट

विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को सौंपे चेक

स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर दी निशुल्क दवा

पौड़ी। सरकार के तीन वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में रामलीला मैदान पौड़ी में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में जनता ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का वर्चुअल माध्यम से लाइव संदेश सुना। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश सरकार अंतिम छोर में बैठे व्यक्ति के कल्याण के लिए दृढ़संकल्पित है। तीन वर्षों में प्रदेश ने कई उपलब्धियां हासिल की है यह सबके लिए गर्व की बात है। कार्यक्रम के दौरान आयोजित स्वास्थ्य मेले में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण करते हुए निशुल्क दवाइयां वितरित की, इसके अलावा दिव्यांगजनों का परीक्षण दिव्यांग प्रमाण पत्र जारी किए। सेवा, सुशासन और विकास के 03 वर्ष थीम पर सांस्कृतिक दलों द्वारा कार्यक्रम प्रस्तुत किये गए।

रविवार को जन सेवा महोत्सव का शुभारंभ मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण करते हुए विभागों की सराहना की। इस दौरान उन्होंने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को चेक वितरित भी किए। राज्य सभा सांसद महेंद्र भट्ट ने अपने संबोधन में कहा कि केंद्र व राज्य सरकार लगातार जनता के हित में कार्य कर रही है। उन्होंने उत्तराखंड सरकार के तीन वर्षों के अंतराल में हुए विकास कार्यों की उपलब्धियां भी गिनाई। उन्होंने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार के संयुक्त प्रयासों से राज्य विकास की गति पर लगातार आगे बढ़ रहा है। कहा कि उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सबसे पहले राज्य में समान नागरिकता संहिता लागू करवाकर इतिहास रचा है। सशक्त भू कानून भी तैयार हो गया है सकरार उत्तराखंड की संस्कृति जमीन, जंगल और पर्यावरण संरक्षण के लिए बेहतर कार्य कर रही है। कहा कि सरकार ने प्रदेश में एअर कनेक्टिविटी का विस्तार किया है। इससे दूर दराज के क्षेत्र हवाई सेवा से जुड़े हैं इसका लाभ स्थानीय जनता के साथ पर्यटन और आपदा के समय मिल रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तरकाशी में शीतकालीन यात्रा में आए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनता का आह्वान करते हुए कहा कि उत्तराखंड में स्वरोजगार आजीविका बेहतर माध्यम है चारधाम यात्रा से जुड़े क्षेत्र स्थानीय उत्पादों की बिक्री से आर्थिक आत्मनिर्भर हो सकते हैं। साथ ही उन्होंने कहा पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाना चाहिए।

स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी ने कहा कि सरकार के तीन साल बेमिसाल रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने नेतृत्व में यूसीसी, दंगा विरोधी कानून, धर्मांतरण कानून, नकल निषेध कानून लागू किए हैं। कहा कि आज सरकारी नौकरियों में पारदर्शिता से भर्तियां हो रही हैं। कहा कि गरीब का बच्चा भी सरकारी नौकरी पा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान जिला ग्राम्य अभिकरण की ओर से लखपति दीदी के 04 लाभार्थियों और उत्कृष्ट कार्य हेतु 02 सीएलएफ को प्रमाण पत्र दिये गये। इसके अलावा 10 समूह को 15 लाख के चेक मुख्य अतिथि के द्वारा दिये गए। एनआरएलएम के अंतर्गत 10 स्वयं सहायता समूह को धूप एवं अगरबत्ती बनाने का प्रशिक्षण प्राप्त करने पर प्रमाण पत्र दिये गये। सहकारी समिति की ओर से 07 लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं के लिए 09 लाख 40 हजार का ऋण दिया गया। ग्रामोत्थान परियोजना की ओर से उद्यम गतिविधियों के लिए 03 लाभार्थियों को 2 लाख 25 हजार की सहयोग राशि व 08 लाख रिवाल्विंग फंड के रूप में 02 लाभार्थियों को सहयोग राशि दी गई। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग की ओर से 05 महिलाओं को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट वितरित की गई। दिव्यांग पुनर्वास केंद्र की ओर से 15 लाभार्थियों को कृत्रिम उपकरण दिये गये। कृषि विभाग की ओर से 05 किसानों को कृषि उपकरण व सहकारिता विभाग की ओर से 07 लाभार्थियों को सामग्री दी गई।

इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष पौड़ी हिमानी नेगी, जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान, मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत, अपर जिलाधिकारी अनिल सिंह गर्ब्याल, परियोजना निदेशक डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, सीएमओ डॉ. पारूल गोयल, मुख्य कृषि अधिकारी डॉ. विकेश यादव, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. विशाल शर्मा, जिला उद्यान अधिकारी राजेश तिवारी, अधिशासी अभियंता लोनिवि विवके सेमवाल, जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित सिंह, डीएसटीओ राम सलोने, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल किशोर रावत, ब्लाक प्रशासक द्वारीखाल महेंद्र राणा, ब्लाक प्रशासक खिर्सू भवानी गायत्री, पूर्व नगर पालिकाध्यक्ष पौड़ी यशपाल बेनाम सहित अन्य विभागों के अधिकारी व जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *